परिणाम
कहानियाँ लेखक की रचनात्मकता एवं कल्पनाशीलता को प्रतिबिम्बित करती हैं। कहानी मे कथानक की नवीनता अनिवार्य अंग है जिसे शब्द, संवाद एवं लेखन शैली के सुंदर तानेबाने में सँजो कर इस रूप में पाठक के समक्ष प्रस्तुत करना होता है कि उसका पढ़ने का कौतूहल हर वाक्य के साथ बढ़ता चला जाए।
यही एक कथा की सफलता है। नए स्तम्भ – कहानी सुहानी – में हमने प्रथम बार गुणी लेखकों को लंबी कहानियों लिखने की चुनौती पेश की थी जिसकी उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया मिली। विगत अनेक वर्षों मे हिन्दी के सर्वाधिक पढ़े गए धर्मवीर भारती के उपन्यास 'गुनाहों के देवता' से उद्धृत पैरा पर विविध रंगों मे रंगी सात स्वयं में सम्पूर्ण कथाएँ प्राप्त हुई जिन्हें पढ़ कर हिन्दी कहानी के उज्जवल भविष्य के प्रति आश्वस्त हूँ।
समस्त कहानियों की गुणवत्ता से विशेष प्रभावित हूँ। कथानक को अति कुशलता से विस्तार दिया है और भाषा शैली उत्कृष्ट है। प्रतियोगिता के अर्थ में तीन सर्वश्रेष्ठ कहानियाँ चुननी थीं जो अपने आप मे अति दुष्कर कार्य था। नैसर्गिक रचनात्मकता, कल्पनाशीलता, कथ्य की शुचिता, भाषा, शिल्प व शैली के साथ साथ दिये गए आधार वाक्यों का कथा मे कुशलता पूर्वक समायोजन को अपने निर्णय का आधार बनाकर मैंने इस माह जो कथाएँ चुनी हैं वे निम्नवत हैं:
प्रथम स्थान: बिखरते हुए रंग
द्वितीय स्थान: सोहबत
तृतीय स्थान: तस्वीर
यहाँ यह स्पष्ट कर देना चाहूँगा कि शेष कहानियाँ किसी अर्थ में किसी से कम नहीं हैं और मैं इस तरह कि उत्तम कथाओं को बारम्बार पढ़ना चाहूँगा। सभी प्रतिभागियों की उत्कृष्ट रचनाधर्मिता को प्रणाम करते हुए उनके सार्थक प्रयास और साहित्यिक चेतना के सम्मान में पर्याप्त समय दे कर मैंने अपने सीमित ज्ञान और अनुभव से प्रत्येक कहानी पर टिप्पणी* करने का दुस्साहस किया है। आशा है आप गुणी जन इसे सहृदयता से प्रतिसाद देंगे। जाने अनजाने हुई किसी त्रुटि के लिए अग्रिम क्षमा याचना करता हूँ।
आपका शिशिर
(*जो कहानियाँ इस बार चुनी नहीं जा सकीं हैं, उन पर की गयी टिप्पणी कहानीकार को ईमेल के ज़रिये भेज दी गई है |)
———–
Subscribe Today To Recieve All Aaj Sirhaane Updates & Prompts : Subscription Form
बहुत बढ़िया 🙏🤗
दीर्घ कहानी के प्रथम संस्कारण पर तीनों स्थान पर महिला लेखिकाओं ने बाज़ी मार कर किया अनोखा कीर्तिमान स्थापित !! बेहद रोचक और खूबसूरत कहानियों को पढ़कर मज़ा आ गया।आजसिरहाने सहित सभी लेखिकाओं को बहुत बहुत बधाई!!!